
कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत दोन्द्रो के संजय नगर में एक मकान को लेकर विवाद सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि अरुण बघेल ने वर्षों पहले उनका मकान किराये पर लिया था। प्रारंभिक दो से तीन वर्षों तक किराया दिया गया, लेकिन बाद में किराया देना बंद कर दिया और धीरे-धीरे पूरे मकान पर कब्जा कर लिया।
पीड़ित परिवार का दावा है कि विवादित मकान को तोड़कर नया निर्माण भी करा लिया गया। इतना ही नहीं, परिवार का आरोप है कि मकान से लगे कुएं और शौचालय पर भी कब्जा कर लिया गया है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने कई स्तरों पर अपनी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल सका। परिवार का आरोप है कि लंबे समय से न्याय की उम्मीद में वे कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं और उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक एवं जिला कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन हस्तक्षेप नहीं करता है तो उन्हें अपना आशियाना हमेशा के लिए खोना पड़ सकता है।
वहीं, इस मामले में जिन पर आरोप लगाए गए हैं, उनका पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है। यदि उनका पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
अब यह देखना होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं तथा जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
