
घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए 15 अगस्त तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। गैस कंपनियों ने यह व्यवस्था प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के साथ-साथ सामान्य घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं पर भी लागू की है। निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू श्रेणी (सब्सिडी) पर गैस सिलेंडर की बुकिंग बंद हो सकती है।
इसे लेकर गैस एजेंसियों ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। गैस कंपनियां उपभोक्ताओं को मोबाइल संदेश भेजकर ई-केवाईसी कराने की जानकारी दे रही हैं। वहीं, गैस सिलेंडर वितरित करने वाले हॉकर भी घर-घर जाकर लोगों को समय रहते सत्यापन कराने की सलाह दे रहे हैं, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
गैस एजेंसियों का कहना है कि 15 अगस्त की समय सीमा नजदीक आते-आते एजेंसियों पर भीड़ बढ़ सकती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को अंतिम समय का इंतजार नहीं करते हुए जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरी करा लेनी चाहिए।
ई-केवाईसी कराने के कई तरीके हैं। उपभोक्ता गैस एजेंसी पर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन करा सकते हैं। इसके अलावा, गैस सिलेंडर वितरण करने वाले हॉकर या नजदीकी राशन डीलर के पास भी बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा सकता है। माई एलपीजी और आधार फेस आरडी ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन कर घर बैठे भी ई-केवाईसी की जा सकती है।
गैस एजेंसियों के अनुसार, 15 अगस्त के बाद ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर किस दर पर मिलेगा या उनके लिए क्या वैकल्पिक व्यवस्था रहेगी, इस संबंध में तेल विपणन कंपनियों की ओर से अभी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। इसलिए सभी उपभोक्ताओं को समय रहते ई-केवाईसी पूरी कराने की सलाह दी जा रही है।

