
विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर शासकीय प्राथमिक शाला कसियाडीह में हुआ पौधरोपण
कसियाडीह। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला कसियाडीह में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवा मोर्चा अध्यक्ष छेदीलाल कश्यप रहे। उनके साथ गैतराम मरावी (पंच), राधेश्याम चौहान, यादराम कश्यप, विद्यालय के शिक्षक निरंजन प्रसाद तंबोली तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि छेदीलाल कश्यप ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने बच्चों से प्रकृति की रक्षा को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय के शिक्षक निरंजन प्रसाद तंबोली ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पेड़-पौधे न केवल हमें शुद्ध वायु और छाया प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों से लगाए गए पौधों की जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें सुरक्षित रखने का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच सम्पन्न हुए इस आयोजन ने बच्चों में प्रकृति के प्रति जागरूकता और संरक्षण की भावना को और मजबूत किया।

