
कोरबा/बांकी मोंगरा। बांकी मोंगरा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में प्रमुख मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण और बेतरतीब दुकान संचालन को लेकर एक शुभचिंतक ने नगर पालिका परिषद से ठोस कार्रवाई की मांग की है। मांग है कि शहर के प्रमुख मार्गों पर व्यवस्थित फुटपाथ का निर्माण और उसका संरक्षण किया जाए, ताकि पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित रास्ता मिल सके और मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो।
बताया गया कि पुराना थाना से सोमवारी बाजार तक सुबह हो या शाम, सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैलाने, मार्ग पर अस्थायी कब्जा करने और विभिन्न स्थानों पर विज्ञापन बोर्ड-बैनर लगाने से आवागमन प्रभावित होने का आरोप है। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
फुटपाथ बना, लेकिन अब कहीं सीढ़ी तो कहीं दुकान का हिस्सा!
शुभचिंतक का कहना है कि परिषद द्वारा कुछ स्थानों पर फुटपाथ का निर्माण कराया गया है, लेकिन कई जगह फुटपाथ का उपयोग पैदल चलने के बजाय दुकान, होटल अथवा सीढ़ियों के विस्तार के रूप में किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर जिस उद्देश्य से फुटपाथ बनाया गया, उसका लाभ आम जनता को कब मिलेगा?
घर के सामने रखे बड़े पत्थर, राहगीरों के लिए खतरा
कुछ लोगों द्वारा अपने मकान और घर के बाहर सड़क से सटाकर बड़े-बड़े पत्थर रखे जाने की शिकायत भी की गई है। इससे मार्ग संकरा होने के साथ-साथ राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। मांग की गई है कि सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह रखी सामग्री को तत्काल हटाया जाए।
जितना टैक्स, उतना ही दुकान का दायरा—बाकी अतिक्रमण!
शुभचिंतक ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित दुकान क्षेत्रफल के भीतर ही सामान रखें। जितने क्षेत्रफल के लिए व्यापारी टैक्स जमा करते हैं, उससे बाहर सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थान पर सामान फैलाने को अतिक्रमण की श्रेणी में मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बैनर-पोस्टर और टेंट पर भी हो कार्रवाई
सार्वजनिक मार्गों पर विज्ञापन बोर्ड, बैनर और पोस्टर लगाकर पैदल यात्रियों तथा वाहनों के लिए बाधा उत्पन्न करने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही बिना अनुमति सड़क पर टेंट लगाकर आवागमन बाधित करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने की मांग उठी है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि बांकी मोंगरा नगर पालिका परिषद इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है। शहरवासियों को उम्मीद है कि केवल अभियान चलाकर फोटो खिंचवाने के बजाय अतिक्रमण के खिलाफ स्थायी और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़कें वाहनों के लिए और फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित रह सकें।

