
कोरबा(बांकी मोंगरा) में गुरुवार तड़के सुबह लगभग 4 बजे विजय क्लॉथ एवं पतंजलि स्टोर के पास अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट तथा पुराने और खराब विद्युत तारों को माना जा रहा है। समय रहते स्थानीय लोगों की सजगता और तत्परता से आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्षेत्र में लगे सीएसईबी (CSEB) के बिजली के खंभे और विद्युत तार लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन पुराने और क्षतिग्रस्त तारों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। आग लगने की घटना ने एक बार फिर बिजली व्यवस्था की बदहाल स्थिति को उजागर कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर इसकी सूचना दी। सूचना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक सुधार कार्य करते हुए क्षतिग्रस्त तारों एवं विद्युत लाइन की मरम्मत की। इसके बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो सकी।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर के सभी जर्जर बिजली के खंभों और पुराने तारों का शीघ्र सर्वे कर उन्हें बदला जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
इस दौरान एल्डर मेन जितेन्द्र सिंह सहित रविंद्र अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, सुधीर शर्मा, मनोज अग्रवाल, भागवत विश्वकर्मा, कुणल शर्मा एवं क्षेत्र के समस्त व्यापारीगण मौके पर मौजूद रहे। सभी ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने, बिजली विभाग को सूचना देने और सुधार कार्य में सहयोग किया।

