
बांकी मोंगरा। बांकी मोंगरा नगर पालिका परिषद के ऐल्डरमैनों ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर के विकास, बिजली व्यवस्था और जनसुविधाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को सामने रखा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं और कार्यों की सराहना करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे ताकि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐल्डरमैन जितेंद्र सिंह ने कहा कि बांकी मोंगरा की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बिजली व्यवस्था रही है, लेकिन अब जल्द ही नगर में बिजली विभाग का कार्यालय शुरू किया जाएगा। इसके शुरू होने से क्षेत्रवासियों को ट्रांसफार्मर खराब होने, बिजली संबंधी शिकायतों और अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए कोरबा या जामनीपाली के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा, जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
ऐल्डर मेन राखी अग्रवाल के पति रविन्द्र अग्रवाल बोले की नगर के विकास के लिए एक स्पष्ट विजन के साथ कार्य किया जाएगा। फ्री प्लानिंग एवं सुनियोजित विकास के तहत बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक कार्य योजनाबद्ध ढंग से कराया जाएगा ताकि विकास कार्यों का लाभ लंबे समय तक नागरिकों को मिलता रहे।
ऐल्डर मेन निरकार नाहक ने कहा कि कई उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिजली बिल मिलने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इस समस्या के समाधान के लिए बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से चर्चा कर उचित रास्ता निकाला जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिल सके।
भागवत विश्वकर्मा ने कहा कि नगर में वर्षों पुराने और जर्जर बिजली के खंभों, खराब केबलों तथा पुराने इंसुलेटरों को चरणबद्ध तरीके से बदलवाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या को भी गंभीरता से उठाया जाएगा और विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐल्डरमैनों ने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार के सहयोग और नगरवासियों के समर्थन से बांकी मोंगरा में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारकर आम जनता को वास्तविक राहत पहुंचाना है।

